मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उद्यान विकास परियोजना तेज़ करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

 

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय स्थित सभागार में जाइका से वित्त पोषित उत्तराखण्ड एकीकृत उद्यान विकास परियोजना की उच्च स्तरीय/संचालन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परियोजना का वित्तीय एवं भौतिक प्लान शीघ्र तैयार किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनपदों में नियमित भ्रमण कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा करें और जमीनी स्तर से फीडबैक एकत्र करें। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों में संचालित फल एवं सब्जी आधारित आजीविका योजनाओं को भी इस परियोजना से समन्वित रूप से जोड़ा जाए।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्ययोजना (AWP) को जनवरी माह तक पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण हों, इसके लिए जनपदवार लक्ष्य तय किए जाएँ। संपूर्ण परियोजना के लिए भी वर्षवार लक्ष्य निर्धारण कर विस्तृत प्लान तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान वंदना, तथा कृषि, उद्यान एवं सगंध पौधा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

(Visited 1,680 times, 1 visits today)