देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले की सारकोट ग्राम पंचायत की 21 वर्षीय नवनिर्वाचित प्रधान प्रियंका नेगी को फोन पर बधाई दी। युवा और पढ़ी-लिखी प्रधान के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ग्रामीणों की जागरूकता और दूरदृष्टि का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सारकोट को एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है, और जल्द ही राज्य के अन्य जिलों में भी इसी मॉडल पर गांवों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी मुख्य विकास अधिकारियों (CDOs) को सारकोट का दौरा कर इसका अध्ययन करने के निर्देश दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने फोन पर बातचीत के दौरान प्रियंका नेगी को देहरादून आने का आमंत्रण भी दिया और गांव के समग्र विकास को लेकर चर्चा का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सारकोट में कृषि, पशुपालन और महिला स्वरोजगार के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों की आजीविका और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
प्रियंका नेगी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से गांव में जनसुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है, और वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “हमारा लक्ष्य उत्तराखंड के हर जिले में ऐसे आदर्श ग्राम बनाना है, जहाँ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाएं सबके लिए उपलब्ध हों। इस बार के पंचायत चुनावों में युवाओं और शिक्षित प्रतिनिधियों का चयन एक सकारात्मक संकेत है। राज्य सरकार पंचायतों को पूर्ण सहयोग देगी।”
