हीरक जयंती पर घोड़ाखाल सैनिक स्कूल चमका, CM धामी बोले-“यही मिट्टी देश को देती है सबसे बहादुर अधिकारी”

 

 

 

 

TMP: नैनीताल जिले के भवाली स्थित सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में शुक्रवार को आयोजित हीरक जयंती समारोह का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पहुँचे अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और कैडेट्स का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक संस्थान में पढ़ना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि घोड़ाखाल सैनिक स्कूल केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि एक ऐसा केन्द्र है जिसने दशकों से राष्ट्र को अनुशासन, परिश्रम और अटूट राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण अधिकारी दिए हैं। उन्होंने कहा कि “मैं बचपन से इस स्कूल की कहानियाँ सुनता आया हूँ, और आज यहाँ के कैडेट्स की ऊर्जा और आत्मविश्वास देखकर गर्व महसूस करता हूँ।”

उन्होंने कहा कि स्कूल से निकलने वाले कैडेट न केवल भारतीय सेना में ऊँचे पदों पर पहुँचे हैं, बल्कि देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह विद्यालय राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में सर्वाधिक चयन देने का रिकॉर्ड रखता है, जो इस संस्थान की अनुशासन संस्कृति और उच्च शिक्षा मानकों का प्रमाण है।

धामी ने छात्रों से कहा कि यह विद्यालय सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक, आदर्श सैन्य अधिकारी और अनुशासित इंसान बनाता है। “इस स्कूल की ड्रेस एक सामान्य कपड़ा नहीं, बल्कि अनुशासन, सम्मान और कर्तव्य का प्रतीक है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि राज्य ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं जिन्होंने राष्ट्रीय हित में अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। स्वयं को सैनिक-पुत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि वह सैनिक परिवारों की चुनौतियों को बहुत करीब से समझते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रक्षा बजट बढ़ाने, सैनिक स्कूलों का विस्तार करने और ‘वन रैंक–वन पेंशन’ लागू करने जैसे कदमों ने सैन्य परिवारों को सशक्त बनाया है। राज्य सरकार भी शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी, अनुग्रह राशि को पाँच गुना बढ़ाने और पूर्व सैनिकों को विभिन्न सुविधाएँ देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। वहीं, प्रदेश में भव्य सैन्य धाम का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

छात्रों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जीवन में जो भी संकल्प लें, उसे विकल्प रहित बनाएं। संकल्प यदि अडिग हो, तो सिद्धि अवश्य मिलती है।”

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन विजय सिंह और उनकी टीम को शिक्षा की उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए बधाई दी गई। कार्यक्रम में बेस्ट जूनियर हाउस, बेस्ट सीनियर हाउस एवं अन्य श्रेणियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, विधायक राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित बड़ी संख्या में कैडेट, अभिभावक और गणमान्य उपस्थित रहे।

(Visited 1,413 times, 1 visits today)