देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बॉक्सर पवन बर्त्वाल ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने हाल ही में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 में रजत पदक जीतने पर पवन बर्त्वाल को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पवन बर्त्वाल ने अपने निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी आज वैश्विक मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन राशि और रोजगार से जुड़ी योजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है, ताकि राज्य के युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
गौरतलब है कि पवन बर्त्वाल ने हाल ही में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 15 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) में संपन्न हुई थी। प्रतियोगिता में पवन बर्त्वाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर देश और उत्तराखंड दोनों को गौरवान्वित किया।
वर्तमान में पवन बर्त्वाल भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स में कार्यरत हैं। सेना की सेवा के साथ-साथ खेल के प्रति उनके अनुशासन, समर्पण और प्रतिबद्धता ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।
इस अवसर पर पवन बर्त्वाल के प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, सुरेश चंद शर्मा एवं हरि कृष्ण बेलवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके कोच और सहयोगी टीम का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान होता है।
