देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में समाजसेवी, अभिनेता एवं होटल व्यवसायी देव रतूड़ी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री रतूड़ी का आत्मीय स्वागत किया और दोनों के बीच विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जन-कल्याणकारी विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने देव रतूड़ी द्वारा समाज सेवा, कला और पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड मूल के ऐसे व्यक्तित्व, जो राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं और साथ ही राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय हैं।
मुख्यमंत्री ने श्री रतूड़ी को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पर्यटन, संस्कृति, युवा उद्यमिता और रोजगार सृजन से जुड़े क्षेत्रों को नई दिशा देने के लिए निरंतर गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में समाजसेवियों, कलाकारों और निजी क्षेत्र से जुड़े अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन और सहयोग राज्य के विकास को और गति देगा।
इस अवसर पर देव रतूड़ी ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी उत्तराखंड के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देते रहेंगे।
