उत्तराखंड बना ‘खेल भूमि’: मन की बात में गूंजी 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता

 

 

 

TMP : हरिद्वार स्थित जगतगुरु आश्रम में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 119वां संस्करण सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को नई प्रेरणा और उत्साह देता है।

मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों की चर्चा करने पर आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन को लेकर प्रधानमंत्री ने देश और दुनिया को जानकारी दी। 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड के 11 विभिन्न स्थानों पर किया गया, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

रात में हुई राफ्टिंग प्रतियोगिता बनी वर्ल्ड रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार के राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने इतिहास रच दिया। पहली बार शारदा और काली नदी में रात्रिकालीन राफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

खेलों में शानदार प्रदर्शन, उत्तराखंड ने लगाई ऊंची छलांग

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अब ‘खेल भूमि’ के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। जहां 37वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का स्थान 25वां था, वहीं 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने छलांग लगाते हुए 7वां स्थान हासिल किया। यह राज्य के उभरते खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और प्रदेश सरकार की खेल नीति का नतीजा है।

मुख्यमंत्री ने इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों की सराहना करने और इसे ‘मन की बात’ में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया।

(Visited 936 times, 1 visits today)