कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड में, SSP ने दिए निर्देश – पार्किंग से लेकर पुलिस तैनाती तक की रणनीति तय

 

 

 

हरिद्वार: सावन में श्रद्धा की लहर के साथ उमड़ने वाली कांवड़ यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह से तैयारियों में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी कांवड़ मेले के लिए सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मेला कंट्रोल रूम में आयोजित इस गोष्ठी में बीते वर्षों के अनुभवों के आधार पर चुनौतियों और संभावित समस्याओं पर मंथन किया गया। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस बार हर व्यवस्था को पहले से बेहतर और व्यवस्थित बनाना होगा।

पार्किंग प्लान से लेकर फोर्स की तैनाती तक बनी रणनीति

एसएसपी डोबाल ने बताया कि मेला क्षेत्र में यातायात सुगम रहे, इसके लिए पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यकतानुसार उन्हें पुनः चिन्हित कर व्यवस्थित किया जाएगा। भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए विशेष फोर्स की तैनाती की योजना भी तैयार की जा रही है।

अंतरविभागीय समन्वय पर विशेष ज़ोर

पिछली कांवड़ यात्राओं में सामने आई समस्याओं से सबक लेते हुए इस बार एसएसपी ने पुलिस और अन्य विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में पानी, बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समन्वय समिति जल्द ही गठित की जाएगी, ताकि कोई विभाग अलग-थलग न रहे।

गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी स्नान के लिए भी अलर्ट

कांवड़ मेले से पहले आने वाले गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी स्नान को लेकर भी हरिद्वार पुलिस सतर्क है। इन अवसरों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा तटों पर पहुंचते हैं। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्नानों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अभी से हर स्तर पर तैयारी शुरू कर दी जाए।

(Visited 1,538 times, 1 visits today)