‘परीक्षा जीवन का पड़ाव है, मंज़िल नहीं’ – सीएम धामी ने परीक्षा पे चर्चा में छात्रों को दिया आत्मबल का संदेश

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज देशभर के करोड़ों छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम से जुड़कर एक सकारात्मक आंदोलन का हिस्सा बन रहे हैं, जो शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण को नई दिशा दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश अत्यंत प्रेरणादायक है कि परीक्षा जीवन का एक चरण हो सकती है, लेकिन जीवन की संपूर्ण परिभाषा नहीं। विद्यार्थियों को इसे अवसर के रूप में लेना चाहिए और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करना चाहिए।

उन्होंने अपने विद्यालयी जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि स्कूल का समय सबसे कीमती होता है, जिसे केवल पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों से भी समृद्ध बनाना चाहिए। इससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें नेतृत्व, अनुशासन व आत्मनिर्भरता जैसे गुण विकसित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने छात्रों से आग्रह किया कि वे स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें, प्राथमिकताओं के अनुसार आगे बढ़ें और किसी भी प्रकार के दबाव को खुद पर हावी न होने दें। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग सकारात्मक सोच, निरंतर प्रयास और धैर्य से होकर गुजरता है।

अभिभावकों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी रुचियों और क्षमताओं को समझें तथा उन्हें प्रोत्साहित करें, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर बताया गया कि ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के अंतर्गत देशभर से चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पूर्व के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के टूटने की संभावना है। उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग सात लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से ज्यादा अभिभावक इस अभियान से जुड़े हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। उन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक शिक्षा सुश्री दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 
 
(Visited 804 times, 1 visits today)