देहरादून: सचिवालय सभागार में आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने, कूड़े के सोर्स सेग्रीगेशन को प्रभावी बनाने तथा कूड़ा प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां कूड़ा प्रोसेसिंग के लिए भूमि की आवश्यकता है, वहां शीघ्र भूमि का चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं को समय रहते पूरा किया जा सके।
ऑनलाइन ट्रैकिंग और जवाबदेही व्यवस्था पर जोर
मुख्य सचिव ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं कूड़ा निस्तारण में लगे वाहनों, उनके चालकों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए।
साथ ही, ड्यूटी और वेतन आधारित ऑटो सिस्टम लागू करने की संभावनाओं पर भी होमवर्क करने को कहा, जिससे कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित हो सके।
मशीनरी और आधुनिक तकनीकों के त्वरित उपयोग के निर्देश
मुख्य सचिव ने शहरी विकास सचिव को निर्देश दिए कि जिन-जिन शहरी निकायों में मशीनों और उपकरणों की आवश्यकता है, वहां किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए और संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी बेहतर एवं नवीन तकनीकों को अपनाते हुए उनके प्रभावी उपयोग के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
देहरादून में GPS आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग का ट्रायल
बैठक में शहरी विकास सचिव नितेश झा ने प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया कि देहरादून में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की GPS आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग का ट्रायल वर्तमान में चल रहा है।
इस प्रणाली के माध्यम से अधिकारी रियल-टाइम निगरानी कर सकेंगे, जबकि आम नागरिक भी कूड़ा वाहन की लोकेशन, आगमन समय देख सकेंगे और ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही इस GPS आधारित मॉनिटरिंग वेबसाइट का शुभारंभ किया जाएगा।
बैठक में सचिव रणवीर चौहान, सचिव डी. एस. गब्रियाल, रंजन मिश्र सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
