रुड़की: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में आयोजित “युवा शक्ति संवाद” कार्यक्रम में प्रदेश के युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है तथा उनकी ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। इसी सोच के तहत स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी ऐतिहासिक पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाएं रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है तथा अब प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है, जहां युवा अपने अनुभव और कौशल के साथ वापस लौटकर उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। साथ ही 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवन और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके हर सपने को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों के भी जवाब दिए। भुनेश गोयल द्वारा युवाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और शासन-प्रशासन में भागीदारी से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
रीया वंदना के सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर सेल लगातार सक्रिय है और समाज में भ्रम फैलाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं सोनालिका द्वारा वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित कुंभ आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण एवं विस्तार के साथ-साथ ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आधुनिक निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
