उत्तराखंड पर्यटन ने रचा नया इतिहास, 2025 में पहली बार 6 करोड़ से अधिक सैलानी पहुंचे

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का पर्यटन क्षेत्र अभूतपूर्व ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य में पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या ने वर्ष 2025 में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस वर्ष उत्तराखंड में छह करोड़ तीन लाख से अधिक पर्यटक और तीर्थयात्री पहुंचे, जो राज्य गठन के बाद अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।

पर्यटन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हरिद्वार जिले में सर्वाधिक तीन करोड़ 42 लाख से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचे। वहीं देहरादून जनपद में 67 लाख से ज्यादा और टिहरी में 53 लाख से अधिक सैलानियों का आगमन दर्ज किया गया।

राज्य सरकार द्वारा पर्यटन विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे उत्तराखंड देश-विदेश के सैलानियों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है।

वर्ष 2025 में आए कुल 6,03,21,194 पर्यटकों में 1,92,533 विदेशी सैलानी भी शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में लगभग 5.95 करोड़, 2023 में 5.96 करोड़, 2022 में 5.39 करोड़ और 2021 में लगभग 2 करोड़ पर्यटकों ने उत्तराखंड का भ्रमण किया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में वर्षभर पर्यटन गतिविधियां संचालित हों, ताकि स्थानीय लोगों और युवाओं को निरंतर रोजगार के अवसर मिल सकें। शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखबा प्रवास के बाद इसमें और तेजी आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड हर वर्ष पर्यटन के नए रिकॉर्ड बना रहा है।

 
 
(Visited 803 times, 1 visits today)