महिला सशक्तिकरण के लिए धामी सरकार का संकल्प: 13 महिलाओं को तीलू रौतेली और 33 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मान

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्त्री शक्ति, तीलू रौतेली एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 33 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को उत्कृष्ट सेवा कार्य सम्मान प्रदान किया।

तीलू रौतेली को किया नमन

मुख्यमंत्री ने वीरांगना तीलू रौतेली को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मात्र 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने जिस वीरता और रणकौशल का परिचय दिया, उसे देखते हुए उन्हें उत्तराखंड की झांसी की रानी कहा जाना अतिशयोक्ति नहीं होगी।

केंद्र और राज्य की योजनाओं का जिक्र

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “नारी तू नारायणी” मंत्र के साथ मातृशक्ति के कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रहे हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना जैसे अभियानों और ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करके महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक मजबूती प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30% आरक्षण और देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर ऐतिहासिक पहल की है।

आंगनवाड़ी बहनों के लिए बढ़ा मानदेय

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के प्रारंभिक विकास में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका अहम है। सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर उन्हें और मजबूत किया है—

  • आंगनवाड़ी बहनें: ₹7,500 से बढ़ाकर ₹9,300

  • मिनी आंगनवाड़ी: ₹4,500 से बढ़ाकर ₹6,250

  • सहायिकाएं: ₹3,550 से बढ़ाकर ₹5,250

इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सुपरवाइज़र पद पर पदोन्नति का भी प्रावधान किया गया है।

आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम

महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए सरकार ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है। साथ ही, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना और उद्यमिता विकास कार्यक्रम जैसी योजनाओं के जरिये मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि महिला समूहों के बनाए हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद आज बहुराष्ट्रीय कंपनियों को टक्कर दे रहे हैं।

आपदा और राहत कार्यों का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन 8 अगस्त को होना था, लेकिन आपदा की वजह से टालना पड़ा। वर्तमान में राज्य आपदाओं से जूझ रहा है और सरकार हर प्रभावित तक सहायता पहुँचाने का प्रयास कर रही है, जिसमें केंद्र सरकार का भी सहयोग मिल रहा है।

मंत्री और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य धामी सरकार ने किया है। आयोजन में विधायक श्री खजान दास, सचिव श्री चंद्रेश कुमार, निदेशक श्री बंशीलाल राणा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त महिलाएं

  • अल्मोड़ा: मीता उपाध्याय

  • बागेश्वर: अलिशा मनराल

  • चमोली: सुरभि

  • चम्पावत: अनामिका बिष्ट

  • देहरादून: शिवानी गुप्ता

  • हरिद्वार: रूमा देवी

  • नैनीताल: नैना

  • पौड़ी गढ़वाल: रोशमा देवी

  • पिथौरागढ़: रेखा भट्ट

  • रुद्रप्रयाग: हेमा नेगी करासी

  • टिहरी गढ़वाल: साक्षी चौहान

  • ऊधमसिंह नगर: रेखा

  • उत्तरकाशी: विजयलक्ष्मी जोशी

(Visited 883 times, 1 visits today)