देवप्रयाग के टॉपर विद्यार्थियों से मिले मुख्य सचिव, बोले- तकनीक सीखें और लक्ष्य पर रखें नजर

 

 

 

देहरादून : देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत भ्रमण पर निकले मेधावी और टॉपर विद्यार्थियों ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मुलाकात की। विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों से मुख्य सचिव ने संवाद किया और पढ़ाई, तकनीक, करियर तथा जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए।

सफलता के लिए मेहनत जरूरी, तकनीक से भी जुड़ें

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और सीखने की आदत जरूरी है। उन्होंने बदलते तकनीकी दौर में विद्यार्थियों को खुद को अपडेट रखने और अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा केवल गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के बीच है। ऐसे में अपनी क्षमता पहचानकर आगे बढ़ना जरूरी है।

मोबाइल का सही इस्तेमाल करें, गलत संगत से बचें

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को मोबाइल और तकनीक के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक के फायदे और नुकसान दोनों हैं, इसलिए इसके इस्तेमाल का निर्णय सोच-समझकर लेना चाहिए।

बच्चों में बढ़ते तनाव और अवसाद का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता, शिक्षकों और भरोसेमंद लोगों के साथ अपनी परेशानियां साझा करने को कहा। साथ ही नशे से दूर रहने और मित्रों का चयन सावधानी से करने की अपील की।

पढ़ाई के साथ रुचियों को भी दें समय

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा संगीत, खेल और अन्य रुचियों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हॉबी विकसित करने से जीवन में संतुलन बनाए रखने और मानसिक तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।

भारत भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों से सीखने का अवसर मिलने की बात कहते हुए उन्होंने इस अनुभव को यादगार बनाने का आह्वान किया।

अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी पहल का समर्थन

आनंद बर्द्धन ने विधायक विनोद कंडारी की पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य क्षेत्रों में भी शुरू करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयी और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने के प्रयास कर रही है।

 

(Visited 1 times, 1 visits today)