वन-क्लिक से 9.91 लाख पेंशनधारकों को ₹147 करोड़, 5,605 नए लाभार्थी जुड़े

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की अगस्त 2026 की किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। अगस्त माह में 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार पेंशन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन पात्र लोगों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।

प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि अगस्त माह में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए धनराशि निर्धारित की गई है। इनमें 2,14,711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) और 7,77,203 लाभार्थी राज्य स्तर पर आच्छादित हैं।

अगस्त की पेंशन राशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

5,605 नई पेंशन स्वीकृत

अगस्त में स्वीकृत नई पेंशन में 3,945 वृद्धावस्था, 1,000 विधवा, 416 दिव्यांग, 106 किसान, 23 परित्यक्ता और 115 भरण-पोषण अनुदान के लाभार्थी शामिल हैं।

बैठक में आगामी 18-19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन की जानकारी भी दी गई। सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से जुड़े विषयों पर केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद होगा।

(Visited 1 times, 1 visits today)