तमक नाले में लापता हवलदार की तलाश तेज, अत्याधुनिक रडार से मलबे में खोज

 

 

 

चमोली: ज्योतिर्मठ तहसील के ग्राम लोंग सेगड़ी के पास तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद तेज बहाव और मलबे की चपेट में आए हवलदार पंकज की तलाश लगातार जारी है। जिला प्रशासन की निगरानी में विभिन्न एजेंसियों की टीमें युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज तेज बहाव में बहने के बाद लापता हुए थे। उनकी तलाश में नाले के आसपास जमा मलबे, जलधाराओं, नदी के किनारों और अन्य संभावित स्थानों को बारीकी से खंगाला जा रहा है।

50 से ज्यादा जवान और तीन एक्सकेवेटर जुटे

सर्च ऑपरेशन में गढ़वाल राइफल्स और 123 इकाई के 50 से अधिक जवान, तीन एक्सकेवेटर, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हैं। प्रशिक्षित दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग भी अभियान में लगाए गए हैं। दुर्गम इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन से भी सर्चिंग की जा रही है।

भारी बोल्डर और मलबे को एक्सकेवेटर से हटाकर उनके नीचे और आसपास संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने नाले से आगे नदी के दोनों किनारों तक खोज का दायरा बढ़ा दिया है।

GPR से मलबे के भीतर भी जांच

रेस्क्यू टीमों को संभावित स्थानों की पहचान में Ground Penetrating Radar (GPR) समेत आधुनिक सर्च और डिटेक्शन उपकरणों की मदद मिल रही है। सभी संभावित स्थानों को चिन्हित कर क्रमवार जांच की जा रही है, ताकि कोई क्षेत्र सर्चिंग से छूट न जाए।

जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। तमक नाले से लेकर नदी के किनारों तक लापता हवलदार की तलाश में सघन अभियान लगातार जारी है।

(Visited 509 times, 475 visits today)