देहरादून: उत्तराखंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के विस्तार और युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर राज्य में एनसीसी के भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक एनसीसी की पहुंच बढ़ाने, नई इकाइयों की स्थापना, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना जैसे विषय प्रमुखता से उठे। महानिदेशक ने कहा कि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला संगठन है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार और उससे जुड़ी सभी विकास योजनाओं के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से विशेषकर सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
