गोपेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत बुधवार को जनपद चमोली को ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास और ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन, पशुपालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, स्टील गर्डर सेतु, नंदानगर की पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन और सड़क अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
वहीं लोकार्पित योजनाओं में विभिन्न मोटर मार्गों का उन्नयन और डामरीकरण, अस्पताल भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, ट्राउट इंडोर हैचरी, स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, पर्यटन सुविधाओं का विकास, सहकारी समिति भवन और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क संपर्क बेहतर होगा, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार होगा, पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
