देहरादून: प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.), टेक्नोलॉजी और साइंस जैसे विषयों पर केंद्रित इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से प्राप्त सुझाव और निष्कर्ष राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देंगे।
उन्होंने उत्तराखंड की सामरिक और पर्यटन दृष्टि से महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिवर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आते हैं, जो अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के कारण एक आकर्षक डेस्टिनेशन है। यहां फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है, जिससे फिल्म उद्योग में व्यापक संभावनाएं हैं। साथ ही औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के खूबसूरत स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं, और सरकार इस दिशा में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कंट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेसिडेंट ज्योति माल्दे, नेटफॉर चॉइस डाटा सेंटर के फाउंडर समीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।