भराड़ीसैंण: Anand Bardhan ने मध्यपूर्व के देशों में उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनज़र राज्य में एलपीजी और ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाए और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाए।
बैठक में जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।
गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और डायवर्जन को रोकने के लिए जिलों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने को कहा गया है, जो ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करेगी।
बैठक में ऑयल कंपनियों और गैस एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी संभावित समस्या की जानकारी तुरंत राज्य स्तर पर साझा की जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
इंडियन ऑयल के स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर कृष्ण कुमार गुप्ता और स्वर्ण सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को दी जाएगी। फिलहाल होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित रखी जाएगी, ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मुख्य सचिव ने राज्य और जनपद स्तर के कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिलाधिकारियों और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को प्रतिदिन प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा गया है।
