देहरादून: उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर से पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को चार दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचा। यह प्रेस टूर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) भुवनेश्वर द्वारा आयोजित किया गया है।
इस प्रेस टूर का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से पत्रकारों को अवगत कराना, साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराकर उन्हें बेहतर अनुभव प्रदान करना है।
प्रेस सूचना ब्यूरो भुवनेश्वर के सहायक निदेशक महेंद्र जेना और सूचना सहायक विकास रंजम दलाई के नेतृत्व में उड़ीसा के विभिन्न मीडिया संस्थानों के अनुभवी पत्रकार इस दौरे में शामिल हैं। यह मीडिया दल अगले चार दिनों तक केंद्र सरकार की कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करेगा।
चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से भी मुलाकात करेगा। इसके अलावा पत्रकार शौर्य स्थल, वन अनुसंधान संस्थान (FRI), टिहरी जलविद्युत परियोजना, राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC), ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करेंगे।
इस दौरान पत्रकार विभिन्न विभागों के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और राज्य में चल रहे विकास कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे।
उड़ीसा के मीडिया प्रतिनिधियों की यह यात्रा उन्हें उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर भी प्रदान करेगी।
इस दौरे के माध्यम से पत्रकार राज्य में चल रही भारत सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एकत्र करेंगे और उसे अपने-अपने मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक जनता तक पहुंचाएंगे।
