लोहियाहेड में ओपन जिम का लोकार्पण, CM धामी ने खेल और फिटनेस को बताया उज्ज्वल भविष्य की कुंजी

 

 

 

TMP : CM धामी ने गांधी फुटबॉल मैदान, लोहियाहेड में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सौजन्य से निर्मित ओपन जिम का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल और फिटनेस से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ

ओपन जिम के लोकार्पण के उपरांत मुख्यमंत्री ने गांधी फुटबॉल मैदान में आयोजित स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारम्भ किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी अत्यंत आवश्यक है।

खेलों से मन, मस्तिष्क और शरीर स्वस्थ रहता है तथा अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खेलों में करियर की अपार संभावनाएँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि करियर का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रधानमंत्री स्वयं खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन करते हैं।

देवभूमि से खेलभूमि की ओर

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

रोजगार और स्वास्थ्य पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं तथा इस वर्ष 10 हजार युवाओं की भर्ती की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ओपन जिम उपकरणों का अवलोकन कर स्वयं व्यायाम किया और क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, कॉलेज प्रिंसिपल रुचि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

(Visited 420 times, 1 visits today)