शिक्षा निदेशक पर हमले के विरोध में उबाल: शिक्षक संगठनों का सड़क जाम, विधायक पर मुकदमा दर्ज

photo- samwad

 

 

 

देहरादून: ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हुए कथित जानलेवा हमले, कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के विरोध में शिक्षक संगठन सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित शिक्षकों ने निदेशालय के बाहर जाम लगाया और रायपुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का आरोप है कि शनिवार दोपहर विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों ने शिक्षा निदेशक के कक्ष में जबरन प्रवेश कर अभद्रता की। आरोपों के अनुसार इस दौरान गाली-गलौज, मारपीट और कार्यालय में तोड़फोड़ की गई, जिसमें शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षकों में भारी रोष फैल गया। विभिन्न स्थानों से शिक्षक निदेशालय के बाहर एकत्र हुए और सड़क जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

इसके बाद शिक्षक संगठनों ने रायपुर थाने का घेराव कर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि दोषियों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

शिक्षकों के उग्र प्रदर्शन और बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस ने विधायक और उनके समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने की सूचना मिलने के बाद शिक्षक संगठन शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर अपने-अपने घर लौट गए।

शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

(Visited 7,060 times, 1 visits today)