सहस्त्रधारा ट्रेंचिंग ग्राउंड बनेगा आधुनिक सिटी पार्क, मुख्य सचिव ने दिए एमडीडीए को निर्देश

 

 

 

देहरादून: राज्य के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिटी पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती शहरी आबादी और यातायात दबाव के बीच शहर को ऐसे बड़े और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों की सख्त जरूरत है।

बुधवार को सचिवालय में सहस्त्रधारा ट्रेंचिंग ग्राउंड पार्क से संबंधित प्रस्तुतिकरण का अवलोकन करते हुए मुख्य सचिव ने नगर निगम आयुक्त नमामि बंसल को ट्रेंचिंग ग्राउंड में पड़े कचरे के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में सचिव शहरी विकास  नितेश झा भी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित पार्क को केवल हरित क्षेत्र तक सीमित न रखते हुए नागरिकों की सेहत, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाए। उन्होंने पार्क में ओपन जिम, जॉगिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, योग व मेडिटेशन ज़ोन, मल्टीपरपज हॉल, वॉलीबॉल व बैडमिंटन कोर्ट, कैफेटेरिया और ओपन थिएटर जैसी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि पार्क के निर्माण में सीमेंट और कंक्रीट का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भू-जल रिचार्ज के लिए वाटर फाउंटेन एवं अन्य संरचनाएं विकसित की जाएं, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का भी सहयोग लिया जाए।

उन्होंने एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को पार्क के लेआउट को शीघ्र अंतिम रूप देते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सके।

(Visited 752 times, 1 visits today)