- देहरादून में हालिया फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस महानिरीक्षक सख्त
- विशेष टीमें गठित कर तकनीकी व सर्विलांस संसाधनों के उपयोग के आदेश
देहरादून: जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में 11 फरवरी 2026 को हुई गंभीर गोलीकांड की घटना को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया है। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का गहन निरीक्षण किया और अब तक की गई पुलिस कार्रवाई, उपलब्ध भौतिक साक्ष्यों एवं तकनीकी तथ्यों की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को निर्देश दिए कि घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विशेष टीमों का गठन कर कानूनी, तकनीकी और सर्विलांस संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद देहरादून के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित अनावरण और प्रभावी नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जारी किए गए प्रमुख निर्देश
▪️ सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करेंगे।
▪️ थाना व चौकी प्रभारियों को लगातार ब्रीफ कर कानून व्यवस्था के प्रति सतर्क रखा जाएगा।
▪️ शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले विवादित मामलों का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाएगा।
▪️ संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध नियमित व आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।
▪️ आपसी रंजिश, भूमि विवाद एवं संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
▪️ सोशल मीडिया पर सामने आने वाले मामलों में त्वरित संज्ञान लेते हुए वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
▪️ अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और सुदृढ़ किया जाएगा।
▪️ बैंक सुरक्षा की समय-समय पर जांच तथा स्कूल-कॉलेजों में सुरक्षा व साइबर अपराध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जवाबदेही तय करने की चेतावनी
पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है, तो संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
