कुंभ 2027 की तैयारियों को रफ्तार: CM धामी ने सड़क, भवन और श्रद्धालु सुविधाओं के लिए ₹11.80 करोड़ मंजूर किए

 

 

 

देहरादून: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने सड़क, संपर्क मार्ग, स्थायी रैन बसेरों, विभागीय भवनों और पार्कों के निर्माण के लिए कुल ₹11.80 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।

चंडी देवी और मनसा देवी में श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार

कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत हरिद्वार जनपद के विकासखंड बहादराबाद में चंडी देवी मंदिर के लिए श्रद्धालु-अनुकूल सुविधाओं और पहुंच मार्ग के विकास (फेज-1) हेतु ₹3.53 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

इसके साथ ही मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले रूट-1 और रूट-2 पर श्रद्धालु सुविधाओं और पहुंच विकास कार्यों के लिए ₹2.19 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

रैन बसेरा, पार्क और सरकारी भवनों को भी मिली मंजूरी

प्रदेश के अन्य जिलों में भी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाओं को हरी झंडी दी गई है। पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में नगर पालिका दुगड्डा क्षेत्र के अंतर्गत निराश्रित व्यक्तियों के लिए स्थायी रैन बसेरा बनाने हेतु ₹70.55 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं चंपावत विधानसभा क्षेत्र में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बनबसा के परिसर में पार्क निर्माण के लिए भी ₹70.55 लाख की धनराशि मंजूर की गई है। इसके अलावा उत्तरकाशी में जिला कमांडेंट, होमगार्ड्स कार्यालय के अनावासीय भवन के निर्माण हेतु ₹2.74 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

पिथौरागढ़ में संपर्क मार्गों को मिलेगा नया रूप

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मूनाकोट के अंतर्गत ग्राम सभा घुर्चु में आंतरिक सीसी मार्ग और संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹96.39 लाख की मंजूरी दी है।

इसके साथ ही घुर्चु गोरिला मंदिर से असुरदेव होते हुए कांडा तक बंडा संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए ₹97.37 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

इन स्वीकृतियों से जहां कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।

 

(Visited 2,811 times, 1 visits today)