सीवरेज प्रबंधन की 4 योजनाओं को ₹43.68 करोड़ मंजूरी, रुद्रपुर नर्सिंग कॉलेज के लिए ₹2.50 करोड़ स्वीकृत

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शहरी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीवरेज प्रबंधन से संबंधित ₹43.68 करोड़ की चार योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग कॉलेज के अकादमिक ब्लॉक एवं स्थल विकास कार्यों के लिए ₹2.50 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का भी अनुमोदन दिया गया है।

पेयजल विभाग के अंतर्गत स्वीकृत सीवरेज योजनाओं में हरिद्वार के भगत सिंह कॉलोनी, हरिपुरकलां में सीवेज सिस्टम योजना (लागत ₹11.22 करोड़), नैनीताल जिले में दुर्गा सिटी चौराहा नवाबी रोड से कालाढूंगी रोड तक सीवरेज योजना (लागत ₹9.49 करोड़) शामिल है। इसके अलावा देहरादून शहर के पथरीयापीर, नीलकंठ विहार, इंदिरा कॉलोनी एवं चुक्खुवाला क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य (लागत ₹13.91 करोड़) तथा देहरादून जलोत्सरण योजना के अंतर्गत साकेत नगर कॉलोनी कैनाल रोड के जोन-सी के शेष क्षेत्रों की सीवरेज योजना (लागत ₹9.06 करोड़) को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आमजन को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, रुद्रपुर में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण से स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी और स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा।

(Visited 1,998 times, 1 visits today)