देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून के सौजन्य से सोवन सिंह नेगी सामुदायिक भवन, नरेन्द्र नगर में शनिवार 29 नवम्बर 2025 को कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 1880 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को परामर्श प्रदान किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल (वन एवं तकनीकी विभाग, उत्तराखंड सरकार) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का विजन अत्यंत दूरदर्शी है। पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जिसे श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल पूरी प्रतिबद्धता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं पूरी मेडिकल टीम के सेवाभाव की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगर पालिका नरेन्द्र नगर के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है, क्योंकि पर्वतीय क्षेत्रों में जानकारी और सुविधाओं के अभाव के कारण रोग की पहचान प्रायः देर से हो पाती है। उन्होंने ऐसे शिविरों को समाज को स्वस्थ भविष्य की ओर ले जाने वाला सशक्त प्रयास बताया।
शिविर में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की कैंसर सर्जन डॉ. पल्लवी कौल ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय एवं समय पर जांच व उपचार की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी।
इस शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें—
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी कौल, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. शीतल शर्मा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन, आईवीएफ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या अग्रवाल, मेडिसिन विभाग से फिजीशियन डॉ. यश अग्रवाल एवं डॉ. हिमांशु कुमार, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषभ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण मनहास, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी यादव, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अर्पिता नेगी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मीतुल गुप्ता, सर्जरी विभाग से डॉ. सुखविन्दर सिंह, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. कनुप्रिया प्रालियान, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रविन्द्र सिंह, डॉ. रजनीश चौधरी एवं डॉ. अतीव सिंह, तथा त्वचा एवं यौन रोग विशेषज्ञ डॉ. चितम्बरा जोशी शामिल रहे।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से शिविर में रोगियों की निःशुल्क ईसीजी जांच, ब्लड शुगर जांच एवं ब्लड प्रेशर जांच की गई। इसके साथ ही सभी रोगियों को निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंकज डयूंडी, प्रधानाचार्य एसजीआरआर पब्लिक स्कूल नरेन्द्र नगर, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा। शिविर के समापन पर आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
