अटल स्मृति व्याख्यान माला में CM धामी: बोले—अटल जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं

 

 

 

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गॉव थानो, देहरादून में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला–2025 कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल प्रेक्षागृह का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को राज्य का स्वरूप देने का ऐतिहासिक निर्णय अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम था। उन्होंने कहा कि यह व्याख्यान माला अटल जी के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है।

राष्ट्रभक्ति और लोकतंत्र का जीवंत प्रतीक थे अटल जी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण रहा। एक ओजस्वी कवि के रूप में उन्होंने शब्दों के माध्यम से जनभावनाओं को स्वर दिया। मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि एबीवीपी कार्यकर्ता के रूप में उन्हें लखनऊ में अटल जी का सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसे वे हमेशा गर्व के साथ स्मरण करते हैं।

निर्णयों ने बदली देश की दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसे निर्णयों ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। अटल जी ने गठबंधन सरकार को पूरे कार्यकाल तक सफलतापूर्वक चलाकर यह सिद्ध किया कि जब लक्ष्य राष्ट्र निर्माण हो, तो राजनीतिक मतभेद बाधा नहीं बनते।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण पर आधारित नई कार्यसंस्कृति की नींव रखी, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सका।

मोदी नेतृत्व में अटल के सपनों को मिल रही नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार अटल जी के विजन को आगे बढ़ाते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाएं इसी सोच का विस्तार हैं।

उन्होंने बताया कि देश में विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे, हाईवे और रिंग रोड नए भारत की पहचान बन रहे हैं। आज 99 प्रतिशत गांव सड़क नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है।

उत्तराखंड से अटल जी का विशेष लगाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक जुड़ाव था। उनके नेतृत्व में राज्य गठन ने पहाड़वासियों के दशकों पुराने सपने को साकार किया। उन्हीं की प्रेरणा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विकास के आंकड़ों में भी आगे उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने बताया कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। किसानों की आय बढ़ाने में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में भी राज्य देश में शीर्ष पर रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विदुषी निशंक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

(Visited 900 times, 1 visits today)