नई दिल्ली: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, नई दिल्ली में पुलिस बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सीमाओं पर अस्थिरता बनी हुई है, वहीं देश के भीतर अपराध, आतंकवाद और वैचारिक युद्ध के नए रूप उभर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने चेतावनी दी कि अपराध अब अधिक संगठित, अदृश्य और जटिल रूप ले चुका है, जिसका उद्देश्य समाज में अविश्वास फैलाना और राष्ट्र की स्थिरता को चुनौती देना है। उन्होंने कहा — “जब देश के नागरिक शांति से सोते हैं, तो उसकी वजह हमारी सेना और पुलिस बलों की सतर्कता है।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बाहरी और आंतरिक सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
नक्सलवाद पर बड़ा ऐलान
राजनाथ सिंह ने नक्सलवाद को लेकर कहा कि मार्च 2026 तक भारत पूरी तरह इस खतरे से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी ‘रेड कॉरिडोर’ कहलाते थे, आज ‘विकास कॉरिडोर’ में बदल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक, ड्रोन, डिजिटल पुलिसिंग और अत्याधुनिक हथियारों से पुलिस को सशक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ, बीएसएफ और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से माओवादी आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ है, जिससे लाखों लोगों को राहत मिली है।
‘सेना और पुलिस सुरक्षा के दो स्तंभ’
रक्षा मंत्री ने कहा कि सेना और पुलिस दोनों ही भारत की सुरक्षा के दो मज़बूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा — “दुश्मन चाहे सीमा पार से आए या हमारे भीतर छिपा हो, देश की सुरक्षा के लिए खड़ा हर व्यक्ति इसी भावना का प्रतिनिधित्व करता है।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलिस न केवल अपराध से लड़ती है बल्कि समाज में नैतिक संतुलन और विश्वास बनाए रखने का काम भी करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने आधिकारिक कर्तव्य के साथ नैतिक दायित्व भी निभा रही है।
36,684 जवानों ने दी शहादत
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक तपन डेका ने बताया कि आज़ादी के बाद से अब तक 36,684 पुलिस कर्मियों ने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 की घटना को याद करते हुए कहा कि लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में करम सिंह के नेतृत्व में सीआरपीएफ ने चीनी सेना से मुकाबला किया था, जिसमें 10 जवान शहीद हुए थे। उसी घटना की याद में हर वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
