देहरादून : आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का समापन समारोह शुक्रवार को देहरादून के कल्चरल सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्ष 2018 से शुरू हुए राष्ट्रीय पोषण अभियान के अंतर्गत यह आठवां पोषण माह है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके संसदीय क्षेत्र धार (मध्यप्रदेश) से 17 सितंबर 2025 को किया था।
ठाकुर ने बताया कि बीते सात वर्षों में 140 करोड़ से अधिक गतिविधियाँ आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि इस माह में ही 20 करोड़ से अधिक गतिविधियाँ आयोजित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष के प्रमुख विषयों में मोटापा नियंत्रण, “पोषण भी, पढ़ाई भी”, शिशु एवं बाल आहार संबंधी सही प्रथाओं को सशक्त बनाना, पुरुषों की भागीदारी से पोषण जागरूकता बढ़ाना, वोकल फॉर लोकल और डिजिटल तकनीक से विभागीय समन्वय शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सभी राज्यों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सफलता का प्रमाण है। राजस्थान ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, उसके बाद महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ का स्थान रहा, जबकि गुजरात और बिहार ने भी उत्कृष्ट कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा और आयुष मंत्रालयों के बीच भी प्रभावी समन्वय देखने को मिला है।
अंत में श्रीमती ठाकुर ने कहा कि “इस पोषण माह के माध्यम से हमने एक बार फिर सुपोषित भारत – स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प मजबूत किया है।”
