दिव्यांग मतदाताओं के लिए हर बूथ पर होंगी सुविधाएं, तीन माह में अपडेट होगी सूची – मुख्य निर्वाचन अधिकारी

 

 

देहरादून: प्रदेश में अब दिव्यांग मतदाताओं को सुगम मतदान के लिए किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय प्रचालन समिति “स्टेट स्टेयरिंग कमेटी ऑन एक्सेसिबल इलेक्शन” की बैठक में दिव्यांगों के लिए समर्पित सुविधाओं को सुनिश्चित करने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पोलिंग बूथ पर रैम्प, व्हीलचेयर, शौचालय, पीने का पानी, शेड और बैठने की सुविधा जैसे ‘एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (AMF)’ हर हाल में उपलब्ध कराई जाए।

समाज कल्याण विभाग को मिली बड़ी जिम्मेदारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि वह अपने पास दर्ज दिव्यांग पेंशनधारकों की अपडेटेड सूची हर तीन माह में निर्वाचन विभाग को उपलब्ध कराए ताकि उन्हें मतदाता सूची में PWD श्रेणी में शामिल किया जा सके। यह सूची 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर के आधार पर तैयार की जाएगी।

चिन्हित होंगे जिला स्तरीय PWD आइकॉन

डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर PWD आइकॉन चिन्हित किए जाएं और इनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर जागरुकता कार्यक्रम चलाए जाएं। साथ ही NIepVD को ब्रेल आधारित प्रचार सामग्री तैयार करने का दायित्व भी सौंपा गया है ताकि दृष्टिबाधित मतदाता भी जागरूक हों।

वर्ष 2018 से सक्रिय हैं तीन स्तरीय समितियां

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार राज्य में राज्य, जनपद और विधानसभा स्तर पर तीन श्रेणी की समितियां गठित हैं। ये समितियां समय-समय पर बैठक कर दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाओं की समीक्षा करती हैं।

प्रस्तुति के दौरान यह भी बताया गया कि राज्य में 30-39 आयु वर्ग के दिव्यांगों की संख्या सबसे अधिक है।

राज्य निर्वाचन विभाग का यह प्रयास सुनिश्चित करेगा कि “हर नागरिक का मत बराबरी का हो”। अब दिव्यांगजन भी बिना किसी अवरोध के सम्मानपूर्वक और स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

(Visited 76 times, 1 visits today)