चमोली की अनीशा ने दीमापुर में बजाया उत्तराखण्ड का डंका, राष्ट्रीय रेड रन मैराथन 3.0 में महिला वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान

 

 

 

 

 

TMP: 30 अक्टूबर 2025 का दिन उत्तराखण्ड के लिए गर्व का क्षण बन गया, जब चमोली जनपद के छोटे से गांव लुन्तरा (पो. नंदानगर) की बेटी कुमारी अनीशा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित रेड रन मैराथन 3.0 में देशभर के प्रतिभाशाली धावकों को पछाड़ते हुए महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनीशा ने 10 किलोमीटर की दौड़ को शानदार प्रदर्शन के साथ पूरा कर उत्तराखण्ड का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया।

यह प्रतियोगिता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) द्वारा नागालैण्ड के दीमापुर जनपद में आयोजित की गई थी।

राज्य के सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा/परियोजना निदेशक डॉ. आर. राजेश कुमार ने कुमारी अनीशा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि उनकी यह सफलता पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अनीशा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि “अनीशा जैसी बेटियाँ प्रदेश की असली ताकत हैं, जो मेहनत और लगन से नए मानक स्थापित कर रही हैं।”

इस राष्ट्रीय मैराथन में देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सैकड़ों धावकों ने भाग लिया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अनीशा ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, फिटनेस और आत्मविश्वास के दम पर सभी को पीछे छोड़ दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर नाको के अपर सचिव एवं महानिदेशक ने उन्हें भारत सरकार की ओर से ₹50,000 की धनराशि, प्रशस्ति पत्र और स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया।

कुमारी अनीशा की इस उपलब्धि के पीछे उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इससे पहले भी उन्होंने राज्य स्तर पर आयोजित रेड रन 3.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5 किलोमीटर मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वह प्रतियोगिता उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति (यूसेक्स) के तत्वावधान में आयोजित हुई थी। राज्य स्तर की इस सफलता ने उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुँचने की प्रेरणा दी, जहाँ उन्होंने पूरे देश के सामने उत्तराखण्ड का परचम लहराया।

कुमारी अनीशा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और चमोली जिले के लिए बल्कि पूरे उत्तराखण्ड राज्य के लिए गर्व का विषय है। उनके प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि उत्तराखण्ड की बेटियाँ किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा से देश का नाम ऊँचा कर सकती हैं। अनीशा की सफलता आने वाली पीढ़ी के युवाओं को यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं

दीमापुर में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन के दौरान उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति की टीम भी उपस्थित रही, जिसमें उप निदेशक (वित्त) महेन्द्र कुमार, अनिल सती, मुकेश चिन्याला, विनोद कुमार तथा नोडल अधिकारी हेमन्त सिंह कण्डारी शामिल थे। इन सभी ने अनीशा को प्रोत्साहित किया और उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

(Visited 396 times, 1 visits today)