प्रेस क्लब दीपावली महोत्सव में बोले सीएम धामी, कहा: भव्य भवन बनेगा, कल्याण योजनाओं को मिलेगी गति

 

 

 

 



देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव–2025 में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने लक्की ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब की भूमि आवंटन की प्रक्रिया गतिमान है। प्रक्रिया पूर्ण होते ही प्रेस क्लब के लिए भव्य भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि पत्रकारों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर आज तक प्रदेश के सर्वांगीण विकास में अपनी लेखनी के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पत्रकारों की उपमा दीपावली के दीपकों से करते हुए कहा कि “पत्रकार समाज को दिन-रात रोशनी दिखाने का कार्य करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने इस दीपावली पर सभी से स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय योजनाओं को लेकर कई कदम उठाए गए हैं। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के तहत पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है। पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि की गई है और अन्य जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के ठहरने की व्यवस्था भी सूचना विभाग के माध्यम से की जा रही है।

सीएम धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष को 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है। पत्रकारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं और राज्यभर में मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण एवं प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने पर कार्य चल रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार न केवल सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाते हैं, बल्कि आम जनता की समस्याओं को भी सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। लोकतंत्र को जीवित रखने में पत्रकारों का योगदान अमूल्य है।

 

(Visited 513 times, 1 visits today)