दून मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में देर रात हुड़दंग, दो पक्षों में विवाद – पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी

 

 

 

 

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रविवार देर रात छात्रों ने तेज आवाज में गाने बजाकर जमकर हुड़दंग मचाया। जब कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई तक की नौबत आ गई। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में देर रात करीब दो बजे कुछ छात्र-छात्राएं पार्टी कर रहे थे। उन्होंने तेज आवाज में गाने बजाए, जिससे अन्य छात्रों ने विरोध जताया। परीक्षा नजदीक होने का हवाला देते हुए गाने बंद करने की बात कही गई, लेकिन विवाद बढ़ गया।

विवाद की सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन ने कर्मचारियों को मौके पर भेजा, साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को फटकार लगाई और सोमवार सुबह उन्हें कोतवाली बुलाकर सख्त हिदायत दी।

वीडियो वायरल, जांच समिति गठित

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ छात्र अर्धनग्न अवस्था में नाचते नजर आ रहे हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि घटना की जांच के लिए प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नंदन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है। घटना के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश की भी जांच की जा रही है और सुरक्षा कर्मियों से जवाब तलब किया गया है।

कोतवाल ने दी सख्त चेतावनी

शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि झगड़े में शामिल सभी छात्रों को कोतवाली बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई है। उन्हें इस तरह की घटना दोबारा न दोहराने की सख्त हिदायत दी गई है। कोतवाल ने कहा कि कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉक्टर का कॉलर पकड़ा, काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे

घटना के दौरान कुछ छात्रों ने एक चिकित्सक का कॉलर पकड़ लिया। इसे लेकर अस्पताल प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताई है। डॉक्टरों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताने का निर्णय लिया है। डॉक्टर ओपीडी में मरीजों को देखेंगे, लेकिन यह विरोध प्रतीकात्मक रहेगा।

(Visited 285 times, 1 visits today)