नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। उन्होंने उत्तराखंड में सात जल विद्युत परियोजनाओं (कुल क्षमता 647 मेगावाट) के विकास और निर्माण के लिए केंद्र से स्वीकृति और समर्थन मांगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से भेंट कर कहा कि उत्तराखंड राज्य गंगा और उसकी सहायक नदियों की निर्मलता, अविरलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने अनुरोध किया कि प्रदेश में प्रस्तावित सात जल विद्युत परियोजनाओं (कुल क्षमता 647 मेगावाट) को स्वीकृति दी जाए ताकि राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के माध्यम से रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के लिए हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने जा रही है। इसके लिए गौलापार क्षेत्र में लगभग 12.317 हैक्टेयर वन भूमि हस्तांतरित करने का प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को इस भूमि हस्तांतरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भारत सरकार के सचिव (पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन) तन्मय कुमार, उत्तराखंड के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते तथा स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा उपस्थित रहे।
