देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद किया और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
सीएम धामी ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करना चाहिए और मानवता के प्रति करूणा का भाव विकसित करना चाहिए। यही गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपने जीवन में ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़ा होने का मार्ग दिखाया।
सीएम ने शास्त्री जी की सादगी, सत्यनिष्ठा, लगन, नैतिकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि यह हमें देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए मार्गदर्शन देती है।
