देहरादून: बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में बीते 22 सितंबर को मिली युवती की लाश मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। मृतका की पहचान 20 वर्षीय विशाखा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में संदेह का दायरा उसके ही बड़े भाई विशाल तक जा पहुंचा है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
बोरे में बंद मिला शव, इलाके में हड़कंप
चाय बागान में बोरे में बंद युवती की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव बोरे में भरा था और सिर बाहर निकला हुआ था। शव को झाड़ियों में फेंका गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिवार की हालात बदतर
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका विशाखा प्रेमनगर की रहने वाली थी और पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थी। परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। उसकी मां अस्पताल में रसौली के ऑपरेशन के लिए भर्ती हैं और पिता लकवाग्रस्त होकर लंबे समय से बिस्तर पर हैं। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी विशाखा के कंधों पर थी।
मां का बड़ा खुलासा: सुबह 4 बजे आया था बेटे का कॉल
विशाखा की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा विशाल नशे का आदी है। घटना वाले दिन तड़के सुबह 4 बजे विशाल ने उन्हें अस्पताल में फोन कर कहा कि “बहन कहीं चली गई है, किसी को बताना मत।” कुछ घंटों बाद सूचना मिली कि बेटी की लाश जंगल में पड़ी है। इसके बाद से ही विशाल फरार है।
विवाद के चलते हत्या की आशंका
पुलिस का कहना है कि भाई-बहन के बीच अक्सर विवाद होते थे। आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात दोनों के बीच कहासुनी हुई होगी और इसी दौरान गुस्से में आकर विशाल ने बहन की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना बताया जा सकता है, हालांकि अंतिम पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
मां और परिजनों ने जताया बेटे पर शक
विशाखा की मां और मंझले भाई रोहित ने सीधे तौर पर विशाल पर हत्या का आरोप लगाया है। रोहित ने इस मामले में बसंत विहार थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चाय बागान में लगातार शव मिलने से दहशत
इस वारदात से पहले भी चाय बागान क्षेत्र में संदिग्ध हालत में शव मिल चुके हैं। लगातार घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की है।
