देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को स्वच्छ उत्सव-2025 कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रदेशवासियों तक पहुंचाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की भी बधाई दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का प्रतीकात्मक संदेश दिया, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए, स्वच्छता की शपथ दिलाई और पौधारोपण भी किया। उन्होंने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलने वाले सेवा स्वच्छता कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम देहरादून ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में 19वाँ स्थान तथा स्वच्छता रैंकिंग में 62वाँ स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, मोहल्ला, गाँव व शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आवाहन किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, सांसद, मेयर, विधायक, सचिव, नगर आयुक्त सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण मित्रों का सम्मान भी किया और स्वच्छता रथ को फ्लैग ऑफ किया।
स्वच्छ उत्सव-2025 के माध्यम से प्रदेशवासियों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” के लक्ष्य को साकार करने में आगे आएं।
