देहरादून: लोक निर्माण विभाग व सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश में जारी भारी बारिश के कारण देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुए पुल व सड़कों की मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सड़कों को शीघ्र ठीक कर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के आदेश दिए।
मंत्री महाराज ने बताया कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर शिव मंदिर के पास भारी बारिश के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। यहां वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए बेली ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।
प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी के समीप टौंस नदी पर क्षतिग्रस्त पुल के कारण हुए यातायात बाधित होने की समस्या का समाधान करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।
साथ ही, मालदेवता के पास केसरवाला से आगे, रायपुर चौक से मालदेवता की ओर जाने वाली सड़क का लगभग 70 से 100 मीटर हिस्सा सौंग नदी के उफान के कारण बह गया है। इसे भरने का कार्य भी तत्परता से शुरू कर दिया गया है।
इसी प्रकार, देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ जाखन नदी के पास बने पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों को भानियावला और नेपाली फार्म के वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। पानी का स्तर कम होते ही पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कार्य तत्काल शुरू किया जाएगा।
सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मुख्य सड़कें व पुल त्वरित रूप से दुरुस्त कर जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाया जाए। यह कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
