देहरादून: आपदा प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण एवं राहत, बचाव व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देहरादून पहुंचे। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
मौसम अनुकूल न होने के कारण प्रधानमंत्री मोदी का धराली क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण फिलहाल टलने के संकेत हैं। प्रधानमंत्री वर्तमान में जोलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित गेस्ट हाउस में उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं। इसके बाद वे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए आपदा प्रभावित परिवारों और राहत-बचाव टीमों के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं समझेंगे और आवश्यक निर्देश देंगे। वहीं दूसरी तरफ महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रायपुर स्थित महाराणा प्रताप कॉलेज चौक पर रोक लिया है|
प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी का प्रदेशवासियों के बीच पहुँचना उनकी गहरी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना का परिचायक माना जा रहा है। यह कदम प्रभावित जनों के पुनर्वास कार्यों को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
