उत्तरकाशी: रामलीला मैदान, विकास भवन लदाड़ी में सोमवार को आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) प्रशांत आर्य ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष और सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअल माध्यम से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को बधाई दी। वहीं विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जा राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, जगत चौहान, प्रताप पंवार और भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दीं।
जिले के इतिहास में पहली बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था की बड़ी मिसाल बताया गया।
जिलाधिकारी का संदेश
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और नीतियों को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका सबसे अहम है।
अध्यक्ष की प्राथमिकताएं
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा—
-
पंचायत क्षेत्र में समावेशी विकास होगा।
-
शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार प्राथमिकता रहेगी।
-
सड़क कनेक्टिविटी और बागवानी को बढ़ावा दिया जाएगा।
-
आपदा प्रभावित जिलावासियों को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
शपथ समारोह में उपस्थिति
समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, दर्जा राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, ब्लॉक प्रमुख रणदीप परमार, रणदेव राणा, ममता पंवार, सीडीओ एसएल सेमवाल समेत बड़ी संख्या में अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
