रुद्रप्रयाग: आपदा की विभीषिका के बीच SDRF उत्तराखंड ने शुक्रवार को बड़ा रेस्क्यू अभियान चलाकर 70 ग्रामीणों की जान बचाई। ग्राम तालजामल में फंसे 40 और ग्राम कुम्द में फंसे 30 लोगों को SDRF की टीम ने सुरक्षित निकालकर परिजनों से मिलाया।
29 अगस्त 2025 को आपदा की सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि पोस्ट से अपर उप निरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में SDRF टीम तुरंत मौके पर पहुँची। कठिन रास्तों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने साहस और धैर्य दिखाते हुए तालजामल से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद रेस्क्यू दल ग्राम कुम्द पहुँचा, जहां 30 और लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और सुकून झलक उठा।
स्थानीय लोगों ने SDRF की तत्परता और निस्वार्थ सेवा भावना की सराहना की। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग ने टीम की कार्यशैली को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि SDRF का यह साहसिक अभियान संकट की घड़ी में जनजीवन को संभालने का उदाहरण है।
