TMP: पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच उड़ान योजना के तहत हेली सेवा 30 सितंबर तक शुरू होने जा रही है। इस रूट पर संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से राज्य में हेली सेवाओं के विस्तार का अनुरोध किया था।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सूचित किया कि पिथौरागढ़–मुनस्यारी–पिथौरागढ़ रूट पर हेली सेवा शुरू करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसी तरह पिथौरागढ़–धारचूला–पिथौरागढ़ मार्ग पर भी हेली सेवा की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए धारचूला में हेलीपैड निर्माण हेतु जमीन की आवश्यकता है। पिथौरागढ़–दिल्ली रूट पर भी उड़ान सेवा शुरू करने पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
दूसरी ओर, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र लिखकर बताया कि टनकपुर–अछनेरा विशेष रेल सेवा की संभावनाओं पर फिजिबिलिटी अध्ययन चल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेली और रेल नेटवर्क विस्तार के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
