त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मतगणना की पूरी तैयारी, 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से होगी शुरू

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बाद अब राज्य निर्वाचन आयोग ने 31 जुलाई को होने वाली मतगणना की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। राज्य के 12 जिलों में 10,915 पदों के लिए कुल 34,151 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बृहस्पतिवार को होगा।

मतगणना के लिए 15,024 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए 8,926 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

आयोग ने कहा – निष्पक्ष, पारदर्शी रहेगी मतगणना प्रक्रिया

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों के 89 विकासखंडों में दो चरणों में मतदान कराया गया। 24 जुलाई और 28 जुलाई को हुए मतदान में कुल 69.16% मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी (74.42%) पुरुषों (64.23%) से अधिक रही।

उन्होंने कहा, “मतदान की तरह मतगणना भी पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी। सभी मतगणना केंद्रों पर आवश्यक बैरिकेडिंग कर दी गई है और प्रेक्षक, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी निगरानी में रहेंगे।”

विजयी जुलूसों पर पूर्ण प्रतिबंध

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी जुलूस निकालने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलाधिकारियों को लिखित निर्देश भेजते हुए साफ किया है कि परिणाम घोषित होते ही किसी भी तरह के जुलूस, भीड़ या विजय प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और थानाध्यक्ष की मौजूदगी अनिवार्य की गई है।

परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे

रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जैसे ही परिणामों की घोषणा की जाएगी, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि आम जनता और प्रत्याशी रियल टाइम में जानकारी प्राप्त कर सकें।

उत्तराखंड में पंचायत चुनाव सिर्फ लोकतंत्र का पर्व नहीं, बल्कि ग्रामीण नेतृत्व और विकास की नई दिशा तय करने का माध्यम है। अब नज़रें 31 जुलाई की मतगणना पर टिकी हैं, जब पंचायतों की नई तस्वीर सामने आएगी।

(Visited 1,850 times, 1 visits today)