देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘सस्टेनेबल वेलनेस ऑफ स्टूडेंट्स: अ कलेक्टिव रिस्पॉन्सिबिलिटी इन हायर एजुकेशन’ पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक और शैक्षिक कल्याण की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों और मानसिक तनाव को समझते हुए विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल शिक्षा नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक सहयोग का भी केंद्र बनाना होगा। उन्होंने इस दिशा में पुस्तक के योगदान की सराहना करते हुए इसका हिन्दी संस्करण भी शीघ्र तैयार किए जाने की अपेक्षा जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा—”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को सबसे पहले लागू किया। हम छात्रों को केवल ज्ञान नहीं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और समग्र कल्याण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
