दर्दनाक हादसे में दो मौतें, एक घायल: रुद्रप्रयाग में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने ली जानें

 

 

रुद्रप्रयाग: रविवार का दिन रुद्रप्रयाग जनपद के लिए दो बड़े सड़क हादसों की मनहूस खबर लेकर आया। पहले हादसे में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस संचार शाखा में तैनात अपर उप निरीक्षक संजीव नयन जगूड़ी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी दुर्घटना रुद्रप्रयाग-चोपड़ा-गढ़ीधार मोटरमार्ग पर हुई, जहां बुलेरो वाहन खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस अधिकारी की मौत से विभाग शोक में डूबा

ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर हुए हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। संजीव नयन जगूड़ी को उनके साथी एक कर्मठ और विनम्र अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

बुलेरो खाई में गिरी, एक की मौत, एक घायल

दूसरी घटना गढ़ीधार के पास रविवार शाम लगभग साढ़े तीन बजे घटी, जब एक बुलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और 108 सेवा मौके पर पहुंची।

मृतक की पहचान संजय सिंह (35 वर्ष) पुत्र मातवर सिंह निवासी वन थापला, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। वहीं घायल देवेंद्र सिंह (40 वर्ष) को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने हादसे की पुष्टि की है।

इन दो दुर्घटनाओं से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

(Visited 452 times, 1 visits today)