देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर बद्री-केदार मंदिर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर इस वर्ष की चारधाम यात्रा के सफल, सुचारु और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार प्रकट किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने किया।
प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस बार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, मार्ग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और समग्र प्रबंधन को लेकर सरकार द्वारा किए गए कार्य उत्कृष्ट और सराहनीय रहे हैं। इससे न केवल यात्रियों को सुगमता मिली बल्कि सुरक्षा और भरोसे का वातावरण भी बना रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार चारधाम यात्रा को श्रद्धा, व्यवस्था और सुरक्षा के संतुलन के साथ पूरी प्रतिबद्धता से संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा से सुखद अनुभव लेकर लौटे और उत्तराखंड की संस्कृति, सेवा भावना और धार्मिक गरिमा की सकारात्मक छवि पूरे देश-दुनिया तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि चारधाम यात्रा को और बेहतर, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित बनाने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
