TMP: देहरादून स्थित राजभवन में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल राज्य का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड में निवास कर रहे बंगाल समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम में बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और पारंपरिक नृत्य पेश किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बंगालवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बंगाल न केवल कला, संस्कृति और साहित्य की भूमि है, बल्कि यह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा स्थली भी रहा है। उन्होंने कहा कि इस भूमि ने गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों को जन्म दिया है, जिन्होंने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में देश की पहचान को गौरव दिलाया।
राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमें एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समझने का अवसर देते हैं। यह ‘अनेकता में एकता’ की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि राजभवन द्वारा शुरू की गई विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाने की परंपरा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” विषय पर आधारित एक विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया, जिसमें राजभवन में मनाए गए विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस कार्यक्रमों का संकलन है। यह पुस्तक भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का सुंदर प्रतीक है।
