प्रदेश के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों पर : रेखा आर्या

 

 

 

श्रीनगर : महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को पौड़ी और रुद्रप्रयाग जनपद की नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह आयोजन हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, चौरास परिसर के स्वामी मनमंथन ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान रुद्रप्रयाग जनपद की 196 और पौड़ी जनपद की 697 महिलाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस बार की भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित महिलाओं और युवतियों का चयन हुआ है, जिससे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

रेखा आर्या ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसमें उत्तराखंड की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां भी भागीदार बनेंगी।”

उन्होंने यह भी बताया कि विभाग की यह भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग राज्य के सबसे बड़े मानव संसाधन वाले विभागों में शामिल हो गया है। वर्तमान में विभाग में कार्यरत कार्मिकों की संख्या लगभग 40,000 तक पहुंच गई है।

मंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनसे जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि बालकों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की नींव मजबूत करने का दायित्व अब इन कर्मठ महिलाओं के कंधों पर है, और सरकार उनके साथ हर कदम पर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

(Visited 930 times, 1 visits today)