“जो भारत की ओर आंख उठाएगा, बख्शा नहीं जाएगा”-PM मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को बताया आतंक के अंत का आगाज़

Photo - youtube

 

 

 

TMP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के भुज में भव्य रोड शो के दौरान देश को एक कड़ा संदेश दिया। आतंकवाद के खिलाफ सरकार की नीति को दोहराते हुए उन्होंने कहा, “हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है, और ऑपरेशन सिंदूर ने इसे जमीन पर उतारकर दिखा दिया है।”

पीएम मोदी ने साफ चेतावनी दी कि “जो भारत की तरफ आंख उठाकर देखेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के मुख्य ठिकानों को ध्वस्त करके यह दिखा दिया है कि भारत की सैन्य शक्ति कितनी सक्षम और अनुशासित है।

प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान पर करारा हमला करते हुए कहा, “भारत जहां टूरिज्म को माध्यम बनाकर दुनिया को जोड़ने में विश्वास रखता है, वहीं पाकिस्तान टेररिज्म को ही टूरिज्म मानता है।” उन्होंने इसे पूरी दुनिया के लिए गंभीर खतरा बताया।

भुज में जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी खुलासा किया कि बिहार की रैली में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद भारत ने 15 दिन तक पाकिस्तान की ओर से किसी ठोस कदम का इंतजार किया, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो भारत ने सेना को पूरी छूट दे दी।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान शायद आतंकवाद को अपनी रोज़ी-रोटी मानता है।” इसीलिए जब उसने कोई कदम नहीं उठाया, तो भारत ने आतंकवाद के हेडक्वार्टर्स को सटीक निशाने पर लिया।

प्रधानमंत्री ने सख्त लहजे में कहा, “भारत की दिशा स्पष्ट है — हम विकास, शांति और समृद्धि के मार्ग पर हैं, लेकिन जो इस राह में रोड़े अटकाएगा, उसके लिए हमारी गोली तैयार है। पाकिस्तान को अब समझ लेना चाहिए कि नया भारत किसी भी साज़िश को चुपचाप नहीं सहेगा।”

प्रधानमंत्री मोदी का यह भाषण न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नई रणनीतिक सोच और निर्णायक कार्रवाई की झलक भी देता है। ऑपरेशन सिंदूर अब केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की बदलती सुरक्षा नीति का प्रतीक बन चुका है।

 
 
(Visited 1,865 times, 1 visits today)